राजधानी में एक बार फिर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने पत्नी और सास ससुर पर चाकू से हमला कर दिया. घायलों को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया है.
नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास-ससुर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इसके बाद वह मौका ए वारदात से फरार हो गया. लोगों ने तीनों घायलों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
बताया गया कि सुनील और संध्या की शादी 17 साल पहले हुई थी. दोनों के बीच में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी घरेलू कलह के चलते इनका कोर्ट में एक केस भी चल रहा था. शादी के बाद ये दोनों चंडीगढ़ में रहते थे और इनके दो बच्चे भी हैं. यह भी सामने आया कि इसी घरेलू कलह से परेशान होकर पत्नी अपने मायके (दिल्ली) में आकर रह रही थी. शनिवार को सुनील यहां आया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान उसने हमला किया.
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही आरोपी के बाकी रिश्तेदारों से भी बातचीत की जा रही है, जिससे आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. वहीं घायल लोगों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में जारी है. इससे पहले दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी. वहीं जैतपुर में भी चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी, जिसमें व्यक्ति की मौत हो गई थी.
0 टिप्पणियाँ