आगरा संभागीय परिवहन विभाग में अजब मामला सामने आया है। नौ साल से गायब बाबू अमेरिका में आईटी सेक्टर में इंजीनियर बन गया है। विभाग को इस बात की जानकारी ही नहीं हो पायी। विभागीय अधिकारी बदलते रहे।
नोटिस भेजते रहे, लेकिन बाबू का कोई अता-पता नहीं चल सका। नवागत आरटीओ अरुण कुमार ने सख्त कदम उठाते हुए घर पर नोटिस चस्पा कर बाबू का पता लगाया। जानकारी हुई कि बाबू अमेरिका में आईटी सेक्टर में काम कर रहा है।
आरटीओ अरुण कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार गैलाना रोड सिंडीकेट बैंक कॉलोनी निवासी स्व राजेंद्र प्रसाद सारस्वत के पुत्र भरत सिंह को 2012 में कनिष्ठ बाबू के पद पर मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। नियुक्ति 4 जुलाई 2012 को की गई थी। वह 20 अगस्त 2014 से बिना सूचना दिए अनुपस्थित चल रहा है। इस बावत आठ नोटिस विभाग की ओर से भेजे गये। लेकिन भरत न तो उपस्थित हुए न ही किसी भी प्रकार का स्पष्टीकरण भेजा।
अब पीटीओ शिव कुमार मिश्रा ने भरत सिंह के निवास पर नोटिस चस्पा कराया। जिसमें दो रिश्तेदार एक अन्य के गवाह के रूप में हस्ताक्षर करवाए। उन्होंने उनके बारे में जानकारी दी। आरटीओ अरुण कुमार ने बताया कि जब मैंने चार्ज संभाला तो मेरे संज्ञान में यह मामला आया। मुख्यालय को जानकारी देने के बाद सेवा समाप्ति का पत्र जारी कर दिया गया है। 30 दिन का समय दिया है।
आठ नोटिस भेजे
9 अक्टूबर 2014, 15 दिसंबर 2014, 3 मार्च 2015, 19 अप्रैल 2015, 21 नवंबर 2016, 5 दिसंबर 2016, 17 अक्टूबर 2017, 17 नंवबर 2023 को नोटिस भेजे गये।






0 टिप्पणियाँ