पुजारा ने लिस्ट ए के मुकाबले में टेस्ट मैच की शैली दिखाई और रहाणे बुरी तरह फ्लॉप रहे. दूसरी ओर, शार्दुल ठाकुर ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया. उन्होंने ना सिर्फ 2 विकेट झटके, बल्कि 39 रन की बेहतरीन पारी तब खेली, जब उनकी टीम लड़खड़ा रही थी.
चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर जिस मुकाबले में उतरे, वह विजय हजारे ट्रॉफी का मुंबई बनाम सौराष्ट्र का मुकाबला था. सौराष्ट्र ने मैच में पहले बैटिंग की, लेकिन उसे यह रास नहीं आया. मुंबई ने सौराष्ट्र को महज 144 के स्कोर पर ढेर कर दिया. चेतेश्वर पुजारा ने सौराष्ट्र के लिए 55 रन की पारी खेली. लेकिन उन्होंने ये रन बनाने के लिए 114 गेंद लिए. उनका स्ट्राइक रेट 50 से भी कम रहा. हालांकि, पुजारा के फैन इस बात से खुश हो सकते हैं कि ना सिर्फ अपनी टीम, बल्कि मैच के टॉप स्कोरर रहे. हालांकि, सौराष्ट्र को इसका फायदा नहीं मिला.
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम भी गिरते-पड़ते ही आगे बढ़ी. एक समय तो उसने अपने 5 विकेट 76 रन गंवा दिए थे. कप्तान अजिंक्य रहाणे 12 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन प्रसाद पवार (43) और शार्दुल ठाकुर (39) की जोड़ी ने पारी संभाल ली. इस जोड़ी ने 74 रन की नाबाद पार्टनरशिप कर अपनी टीम को जीत दिला दी.
0 टिप्पणियाँ