Instagram Widget

header ads

UP News: ट्रेनों में मोबाइल चोरी... बांग्लादेश में सप्लाई,गैंग के छह चोर गिरफ्तार;आठ लाख के फोन बरामद

 शाहजहांपुर में रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले नाबालिग समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के 55 मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं।

दो माह से इस रूट पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जीआरपी के अनुसार, पुलिस से बचने के लिए आरोपी मोबाइल के पार्ट्स झारखंड के डीलर के जरिये बांग्लादेश भेजते थे।

शनिवार को रेलवे थाना प्रभारी रेहान खान ने सर्विलांस सेल लखनऊ की मदद से प्लेटफार्म नंबर तीन व चार के पश्चिमी छोर पर पांच युवक व एक किशोर को संदिग्ध हालात में खड़ा देखा। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 55 चोरी के मोबाइल बरामद किए।

लखनऊ रूट पर करते थे वारदात

इंस्पेक्टर रेहान अली ने बताया कि पुलिस ने झारखंड जिले के साहिबगंज के थाना तीन पहाड़ निवासी बादल कुमार, शुभम कुमार, अश्वनी कुमार, राज नौनिया और इसी जिले के थाना तनझारी निवासी शमशुर व एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी झारखंड के शातिर बदमाश है। वहां सख्ती बरती जाने पर बरेली में किराये पर कमरा लेकर रहने लगे थे और लखनऊ रूट पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य चोरी के मोबाइलों को झारखंड के डीलर के माध्यम से बांग्लादेश भेजते थे। आरोपियों ने बताया कि डीलर मोबाइल पार्ट्स को अलगकर सप्लाई करता था। बरामद मोबाइलों की कीमत आठ लाख 50 हजार रुपये होने का अनुमान है।

ईद के बाद घर जा रहा था शमशुर

ईद के बाद शमशुर घर जाने के लिए निकला था। गिरोह के सदस्यों ने 55 मोबाइल चोरी किए थे। जिनकी सप्लाई डीलर को देनी थी। जीआरपी ने सर्विलांस सेल के उप निरीक्षक रजनीश वर्मा की मदद से उन्हें गिरफ्तार किया। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन, चलती ट्रेनों व भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का मोबाइल चोरी कर लेते थे।

शुभम पर प्रयागराज में दर्ज हैं नौ मुकदमे

गिरोह में शामिल शुभम महतो का रिकार्ड पुलिस ने खंगाल लिया है। उसके ऊपर प्रयागराज में नौ मुकदमें दर्ज हैं। शाहजहांपुर जीआरपी ने भी दसवां केस दर्ज कर लिया है। इसी तरह शमशुर पर जौनपुर में दो, राजनौनिया, बादल पर शाहजहांपुर जीआरपी में एक-एक, अश्वनी कुमार पर जीआरपी अकबरपुर में दो मुकदमे दर्ज हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ