अलीगढ़ में गांधीपार्क थाना क्षेत्र के एक कालोनी में प्रेम जाल में फंसाकर युवती को ले जा रहे मेरठ के युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। युवती ने बड़ी बहन को शिकंजी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
आरोपी युवक को घर के बाहर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
एक कालोनी निवासी युवती की मेरठ के जैद पुत्र वाकीर निवासी पीपली खेड़ा खरखोदा से इंस्टाग्रम पर बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपी युवक ने नाम बदलकर युवती से दोस्ती कर ली। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला चलता रहा। आरोप है कि शनिवार को आरोपी युवक मेरठ से अलीगढ़ आ गया। शाम को दोनों की मुलाकात हुई। युवक ने उसे नशे की छह गोलियां दीं,और तय हुआ कि किसी खाने पीने की चीज में मिलाकर परिजनों को दे देना। परिजन जब नशे में होकर सो जाएं तो घर से जेवरात आदि लेकर चल देना।
इसी बीच युवती ने भागने की फिराक में बड़ी बहन को शिकंजी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को शक हुआ। परिजनों ने युवती से कड़ाई से पूछताछ की तो सच उगल दिया। परिजनों ने घर के बाहर खड़े प्रेमी को पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी की धुनाई कर दी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। परिजनों ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। युवती की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने बताया कि युवक का युवती से प्रेम संबंध चल रहा था। आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






0 टिप्पणियाँ