Instagram Widget

header ads

Meerut News: हाईवे पार कर रहे किसान की कार की टक्कर से मौत

 दौराला। सकौती में हाईवे पार कर रहे किसान नरेश (60) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान को मोदीपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।

सकौती गांव निवासी नरेश पुत्र पीतम खेती करते थे। सोमवार को वह स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से गए थे। लौटते समय उन्होंने हाईवे किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर दी और दूसरी दिशा में खड़े अपने परिचित से मिलने के लिए पैदल ही हाईवे पार करने लगे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में सीएचसी दौराला में भर्ती कराया। जहां से मोदीपुरम स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया। नरेश ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी कुसुम का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, पिता की मौत की सूचना पर उनके दोनों बेटे गांव के लिए रवाना हो गए। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक नरेश के दो पुत्र नितिन, सचिन व बेटी रेनू है। बड़ा बेटा नितिन पुणे में आईटी कंपनी में कार्यरत है। जबकि, छोटा बेटा सचिन कृषि मंत्रालय में क्लर्क के पद पर तैनात हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ