Instagram Widget

header ads

Meerut News : लेनदेन में युवक पर जानलेवा हमला , तीन पर मुकदमा

 सरधना। शांति भंग के मामले में जमानत पर लौटे दबंग ने गांव के ही युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़ित के भाई सुभाष पुत्र धर्मवीर ने तहरीर में बताया कि गांव के ही दबंगों से रुपये के लेनदेन में कई साल से विवाद चल रहा है। शनिवार को वह अपने भाई राजकुमार पुत्र धर्म सिंह की बाइक पर सवार होकर गांव पाथौली दवाई लेने जा रहा था। श्मशान के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार संदीप, जितेंद्र पुत्र बृजभूषण व बृजराज ने हमला बोल दिया। उसके भाई संदीप का रस्सी से गला घोटकर मारने की कोशिश की गई। शोर सुनकर आवारा पशुओं को भगाने आए किसानों ने टॉर्च जलाई तो आरोपी उसके भाई को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। पीड़ित के भाई ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि शुक्रवार को मारपीट करने पर पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया था। शाम को एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने पर उसने बदला लेने के लिए हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ