Instagram Widget

header ads

Meerut News : खिवाई के जंगल में मिले पशुओं के अवशेष , पुलिस ने जमीन में दबवाए

 सरधना। सरूरपुर थाना क्षेत्र में गोकश लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। शनिवार को गोकशों ने कस्बा खिवाई के हिंडन नदी से सटे जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों को जमीन में दबवा दिया।लोगों को घटना की जानकारी हुई तो बजरंग दल से जुडे लोगों में रोष फैल गया। संगठन से जुडे लोगों ने आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की मांग की।

थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई के बागपत जिले की सीमा में सटी हिंडन नदी के पास जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर लोगों में रोष फैल गया। किसानों ने गोवंश के अवशेष खेत में पड़े देखकर पुलिस को मामले की सूचना दी। सीओ सरधना शिव प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर गोवंश के अवशेष के बारे में जानकारी की। पुलिस ने पशु अवशेषों का नमूना लेते हुए उन्हें जमीन में दबवा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि हिंडन नदी के पास उन्हें गोवंश के अवशेष होने की जानकारी मिली थी। जिस पर वह मौके पर पहुंचे और जांच की। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगें।

बता दें कि सरूरपुर पुलिस ने दो दिन पूर्व ही दो गोकशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। बजरंग दल के कार्यकर्ता मनु त्यागी, अनुज बजरंगी, अर्जुन राणा ने बताया कि गोकशी की घटना होने के बाद पुलिस मामले को छुपाने में जुटी रही। सीओ सरधना ने मौके पर होने के बावजूद कार्यकर्ताओं को गोकशी की घटना के बारे में गुमराह करने का काम किया है। हालांकि संगठन के कार्यकर्ताओं ने जंगल में तलाश करते हुए अवशेषों को ढूंढ लिया और पुलिस द्वारा जमीन में दबाए गए स्थान की जानकारी की।

कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाया है। चेतावनी दी है यदि जल्द घटना का खुलासा नहीं किया गया तो थाने का घेराव किया जाएगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ