लालू के कटाक्ष के बाद भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर 'मोदी का परिवार अभियान आरंभ किया है। इस कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री, रक्षामंत्री से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक शामिल रहे।
इसी बीच पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर का अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में मोदी का परिवार शब्द जोड़े जाने के बाद कई तरह के संशय भी उत्पन्न हो गए। हालांकि रविवार को राजनीति से सन्यास का ऐलान करने वाले पूर्व मंत्री डा.हर्षवर्धन के एक्स एकाउंट पर यह प्रोफाइल नजर नहीं आया।
जबकि गंभीर ने साफतौर पर अपने प्रोफाइल में बदलाव के साथ ही पोस्ट में लिखा है कि जिन्होंने देश को अपना परिवार माना है उन्हें ही 140 करोड़ जनता अपना परिवार मानती है, यही परिवार बनाएगा नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री फिर एक बार।
दरअसल गंभीर ने भाजपा टिकट की पहली लिस्ट जारी होने से पूर्व कई तरह की अटकलों के बीच सोशल मीडिया के जरिये ही राजनीतिक सन्यास का ऐलान करके राजनीतिक द्वंद्व को विराम देने का प्रयास किया था। लेकिन सोमवार को उन्होंने जिस प्रकार से एक्स के जरिये मोदी का परिवार अभियान से जुड़ने का संदेश दिया, उससे एक बार फिर से यह कयास लगने शुरु हो गए हैं कि फिलहाल शीर्ष नेतृत्व उन्हें अब भी निगाह में रखे हुए हैं। यह बात दीगर है कि उन्हें पूर्वी दिल्ली अथवा लोकसभा चुनाव के स्थान पर पार्टी किसी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाज सकती है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पटना में विपक्षी गठबंधन 'आईएनडीआईए के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी पर 'अपना परिवार नहीं होने को लेकर कटाक्ष किया था। इसके बाद भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में यह अभियान चलाया।






0 टिप्पणियाँ