Instagram Widget

header ads

फरीदाबाद में गैंगस्टर बल्लू पहलवान की गोली मारकर हत्या, मारी गईं 20 गोलियां


 दिल्ली के गैंगस्टर बल्लू पहलवान की यहां एक कार में सवार हथियारबंद लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी. बल्लू पर यह हमला तब किया गया जब वह जिम से लौट रहा था और इसी दौरान मोटरसाइकिल को रोककर उसे 20 गोलियां मारी गईं.

पुलिस को यह गैंगवार का मामला लग रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि हमलावर गैंगस्टर पर लगभग "दो मिनट" तक गोलीबारी करते रहे. पुलिस ने बताया कि हमला मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे फरीदाबाद सेक्टर 11 में हुआ. पुलिस के मुताबिक, बल्लू इलाके में वाईएमसीए यूनिवर्सिटी के पास एक रिश्तेदार के साथ रह रहा था.बल्लू पहलवान पर हत्या समेत कई मामले दर्ज थे.

जिम से लौटते वक्त हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, सूरजभान उर्फ बल्लू पहलवान (42) दिल्ली में नजफगढ़ के पास दीनपुर का रहने वाला था और अक्सर जिम जाता था. पुलिस ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े छह बजे जिम से अपनी मोटरसाइकिल पर लौट रहा था तभी उस पर हमला किया गया. हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए.

घटना की सूचना पाकर पुलिस कमिश्नर राकेश आर्य, डीसीपी राजेश दुग्गल, एसीपी (क्राइम) अमन यादव और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाए. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हत्या दो समूहों के बीच चल रहे गैंगवार का हिस्सा थी.

विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका था बल्लू

बल्लू पहलवान एक एनजीओ भारत भविष्य फाउंडेशन का मुखिया था और उन्होंने दिल्ली में मटिया महल सीट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था. इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने बल्लू को बुरे आचरण का भी घोषित कर रखा था.

पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर की पत्नी रज्जो देवी की शिकायत के बाद बुधवार को सेक्टर आठ थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या), 34 (सामान्य इरादा) और शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ