Instagram Widget

header ads

UP Winter: यूपी में शीतलहर का प्रकोप, मेरठ सबसे ठंडा, कानपुर में रेड अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने जताई पाले की आशंका

 


उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप गहराता जा रहा है। जिन इलाकों में रात का तापमान पांच डिग्री से नीचे दर्ज हो रहा है, वहां पाला पड़ने के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दो-तीन दिन शीतलहर जारी रहेगी।शीतलहर से प्रभावित प्रदेश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं पाला पड़ेगा। पाला पड़ने से फसलों के नुकसान की आशंका बनी हुई है। प्रदेश में मेरठ और कानपुर सबसे ठंडा रहा। मेरठ में रात का पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कानपुर में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सर्द उत्तर पश्चिमी हवा के असर के चलते रात के तापमान में आई भारी गिरावट के कारण प्रदेश के पश्चिमी और जुड़े हुए मध्यवर्ती इलाकों में शीतलहर जारी है। इस वजह से अत्यधिक घने कोहरे की परत के चलते दिन में धूप नहीं निकल रही है और सीवियर कोल्ड डे यानि अति शीत दिवस का माहौल बना हुआ है। फिलहाल अगले दो दिनों तक यही सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद सतही स्तर पर हवा का रुख बदल कर पुरवा होने की स्थिति में मौसम में बदलाव की संभावना है। 17 जनवरी से कुछ राहत मिल सकती है।बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में अनेक स्थानों पर कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है यानि धूप नहीं निकल रही और दिन में भी घना कुहासा बना रहा। शनिवार को रात का तापमान गोरखपुर मण्डल में सामान्य से काफी कम, कानपुर, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ मण्डलों में सामान्य से कम दर्ज किया गया। दिन का तापमान गोरखपुर मण्डल में सामान्य से काफी कम, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादबाद और मेरठ मण्डल में सामान्य से कम दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार, पाले से फसलों को नुकसान का अंदेशा है। खासतौर पर आलू, सरसों, राई, दलहनी फसलें, प्याज, मिर्च, बैंगन और टमाटर की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। पाला पड़ने से आलू की फसल में पछैती झुलसा रोग लगने की आशंका है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ