Instagram Widget

header ads

त्रेतायुग की अयोध्या सी सजी मेरठ नगरी, मंदिरों में श्रीराम की जय-जयकार, 1400 स्थानों पर आयोजन

 


पांच  सौ साल बाद प्रतीक्षा की घड़ी आज समाप्त होने जा रही है। सनातन संस्कृति के प्राण श्रीराम लला आज सिंहासन पर प्रतिष्ठित होंगे। भाव विह्ल कर देने वाले इस सुअवसर पर समूचा मेरठ भी राममय हो गया है।हर सनातनधर्मी अपने कामकाज भूल सिर्फ और सिर्फ रामनाम की धुन में मगन है। सबकी आंखों में प्राण प्रतिष्ठा का परम आनंद और हर जुबान पर राम ही राम है। शहर की सभी सड़क और इमारतों को रोशनी के इतना नहला दिया गया है कि वो जीवंत नजर आ रही हैं। शहर में चहुंओर मनमोहक दृश्य देखकर पौष मास में कार्तिक की दिवाली की अनुभूति हो रही है।रोशनी से जगमगाए और फूलों की खुशबू से महकते माहौल में श्रीराम के अपने महल में प्रवेश की खुशियों से मेरठ भी उल्लासित और भावविभोर है। अयोध्या में श्रीरामलला स्थापना अवसर पर मेरठ शहर के नौ मंदिरों में भी श्रीराम दरबार की स्थापना हो रही है। पूरा शहर उत्साह और उमंग से परिपूर्ण हैं। बाजारों में दीपावली जैसा माहौल हैं। हर बच्चे, बुजुर्ग और युवा की जुबां पर श्रीराम का नाम और एक अलग उत्साह है।दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ ऑटोरिक्शा, बसों में श्रीराम के भगवा झंडे लहरा रहे हैं। गाड़ियों में श्रीराम के जयकारे लगाते युवा टोली बाईपास, छावनी की सड़कों पर घूम रही हैं।मोदीपुरम, कंकरखेड़ा, गंगानगर, शास्त्रीनगर, जागृति विहार, बाईपास की विभिन्न कॉलोनियों के साथ सदर, बुढ़ाना गेट और पुराने शहर में घरों में लाइटों के साथ फूलों से मुख्य द्वार को सजाया गया है। बड़ी संख्या में लोगोंं ने श्रीरामलला स्थापना की पूर्व संध्या पर भी घरों में दीपमालाएं सजाई।

आज 1400 स्थानों पर होंगे आयोजन

रामलला स्थापना के पावन अवसर पर शहर में 1400 से अधिक आयोजन होंगे। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता और अजय गुप्ता ने एक एक बाजार में जाकर व्यापारियों से संपर्क किया। शहर के ज्यादातर व्यापारियों ने चंदा एकत्रित कर बाजारों में रंगीन लाइटों से सजाया है।सदर के सभी बाजार, आबूलेन, बेगमपुल, शारदा रोड, नई सड़क, सेंट्रल मार्केट, बुढ़ाना गेट, सराफा बाजार, शारदा रोड पर लाइटों के साथ रंगीन कपड़ों से सजावट की गई है। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने फूलों से सजावट की है।

चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। वहीं जेल में बंदी उपवास भी रखेंगे। चौधरी चरण सिंह विवि के छात्र नेता विनीत चपराना ने उपवास रखने वाले बंदियों के लिए कुछ फल जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा को दिए। जेल को भी सजाया गया है।मेरठ नगर निगम ने पूरे शहर को रंगीन रोशनी से सजा दिया। सेंट्रल मॉर्केट, कमिश्नरी चौराहा, कमिश्नर आवास के पास, प्रत्येक चौराहे को भव्यता से सजाया गया है। सरकारी भवनों की दीवारों को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र से संबंधित पेंटिंग की गई है।सिविल लाइन्स में कोतवाल धनसिंह की प्रतिमा, कमिश्नरी चौराहे पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का भी सजाया गया है। यहां पर फव्वारे भी चलाए गए हैं। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से पूरे शहर को प्रकाशमय किया गया है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री मोनिका चौधरी ने दीपक वितरण अभियान चलाया। उनका कहना है कि रामलला के भव्य मंदिर की स्थापना का यह शुभ दिन 500 वर्षों के बाद आया है। इसलिए इसे एक उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। माध्यम में 51000 दिए वितरित किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ