हैरी को जालंधर पुलिस जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर ला सकती है। इसी केस में फरार चल रहे पुनीत और लल्ली के बारे में हैरी को जानकारी हो सकती है। ऐसे में जालंधर पुलिस उससे पूछताछ करेगी। आरोपी की तलाश केवल जालंधर पुलिस को ही नहीं बल्कि अन्य कई जिलों की पुलिस को भी थी।दरअसल, संदीप हत्याकांड में मौजूदा समय में कनाडा में बैठे अमृतसर के सनोवर ढिल्लों, मलेशिया में रह रहे सुखविंदर सिंह दुनो उर्फ सुक्खा सिंह, जालंधर हाइट्स से गिरफ्तार कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरजन सिंह चट्ठा और अमेरिका निवासी सब्बा खियाड़ा नामजद हैं। संदीप नंगल अंबिया की हत्या की साजिश जेल में रची गई थी।
गैंगस्टर पुनीत, लल्ली, विकास माहले और फौजी ने साथियों के साथ साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने यादविंदर सिंह, मनजोत उर्फ जोत, राजिंदर सिंह, हरिंदर सिंह फौजी, सचिन कुमार और विकास माहले को गिरफ्तार कर चुकी है। इस केस की सुनवाई 14 सितंबर को होगी। वहीं, चार महीने पहले गिरफ्तार किए गए नार्थ इंडिया कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरजन सिंह चट्ठा के मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में 15 सितंबर को होगी।बता दें कि कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की पिछले साल 14 मार्च को नकोदर के गांव मल्लियां में पांच हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात शाम छह बजे अंजाम दी गई थी। कबड्डी टूर्नामेंट में ही संदीप की हत्या की गई थी। स्टेडियम में सरेआम मैच के बीच हुई अंधाधुंध फायरिंग के कारण अफरा-तफरी मच गई थी। हमलावर एक सफेद रंग की कार में सवार होकर पहुंचे थे।
0 टिप्पणियाँ