Instagram Widget

header ads

'सुपर डांसर 3' में अश्लील सवाल पूछने के मामले पर अनुराग बासु ने तोड़ी चुप्पी, कहा- शर्मनाक... बचाव नहीं करूंगा

'सुपर डांसर 3' में अश्लील सवाल पूछने के मामले पर अनुराग बासु ने तोड़ी चुप्पी, कहा- शर्मनाक... बचाव नहीं करूंगा


डांस रियलिटी शो 'सुपर डांसर चैप्टर 3' विवादों में घिरा हुआ है। शो के एक एपिसोड को लेकर आरोप है कि कथित तौर पर जज ने छोटे बच्चों से 'अश्लील और सेक्शुल रिलेशन' से जुड़े सवाल पूछे। विवाद बढ़ा तो राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन को एक नोटिस जारी किया। एपिसोड 2019 में प्रसारित हुआ। इस शो में अनुराग बासु, शिल्पा शेट्टी और गीता कपूर जज थे। अब इस पूरे मामले में अनुराग बासु की ओर से प्रतिक्रिया आई है। फिल्ममेकर ने माना कि यह पूरी घटना शर्मनाक है और वह इसका बचाव नहीं करेंगे। अनुराग बासु की ओर से रिएक्शन NCPCR ने 25 जुलाई को चैनल को नोटिस जारी किया था। 'मेट्रो इन लाइफ' के डायरेक्टर अनुराग बासु ने ई-टाइम्स से बात करते हुए कहा, 'मैं इसके बचाव में कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि मैं समझता हूं कि माता-पिता के लिए यह शर्मनाक था। मैं खुद दो बच्चों का पिता हूं।' वह आगे कहते हैं, 'सुपर डांसर बच्चों का डांस रियलिटी शो है जहां अक्सर बच्चे बहुत मासूमियत के साथ अपनी बात कहते हैं। हम उनके साथ घंटों शूटिंग करते हैं। कई बार ऐसी बातें हो जाती हैं जो किसी के बस में नहीं होती हैं। मैं सहमत हूं कि मुझे बातचीत को उस तरफ नहीं ले जाना चाहिए था जिससे कंटेस्टेंट को ऐसी बातें बोलनी पड़ें कि उनके माता-पिता शर्मिंदा हों।' 'जजों को सतर्क रहने की जरूरत' अनुराग बासु ने यह भी कहा कि कंटेस्टेंट से सवाल पूछे जाने की एक सीमा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पर विचार हो रहा है और उसे एडिट किया जा सकता था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसमें उनका हाथ नहीं है। वह कहते हैं, 'यह जरूरी है कि हम जजों के रूप में इस जिम्मेदारी का पालन करें और सवाल पूछते समय सतर्क रहें। मुझे लगता है कि इसके बाद (वायरल वीडियो) बच्चे भी थोड़ा सतर्क होकर बोलेंगे। यह जरूरी है कि इस तरह की चीजें ना हों। यह मेरी निजी राय है और मैं यहां चैनल की ओर से नहीं बोल रहा। मुझे लगता है कि स्थिति को साफ करना जरूरी है।' गौरतलब है कि NCPCR ने पाया कि कंटेट आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करती है। इस मामले में चैनल से 7 दिन के भीतर जवाब मांगा गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ