उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पिछले दिनों मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ दरिंदगी का वीडियो सामने आया था. वहीं, अब एक निर्वस्त्र कर युवक के साथ मार पिटाई का वीडियो सामने आया है.
इस वीडियो में युवक को बेरहमी के साथ पीटा जा रहा है. युवक की पिटाई के दौरान उसकी बेटी भी उसी कमरे में दिखाई दे रही है. आरोपियों ने उस युवक को तन ढकने तक का मौका नहीं दिया. लगातार उसकी पिटाई करते रहे. कुछ लोग वीडियो बनाने के लिए भी बोलते हुए नजर आए.
युवक के पिटाई की घटना 22 जुलाई की रात 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है. जहां सैलून संचालक राशिद को मोहल्ले के कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिटाई की. इस वीडियो में बिस्तर पर एक छोटी बेटी भी नजर आ रही है. हालांकि, पुलिस बेटी के सामने युवक की हुई पिटाई की बात से इंकार कर रही है.
आरोप है कि राशिद ने शराब पीकर मोहल्ले में हुड़दंग की थी. तभी मोहल्ले के नईम, इकरार और आमिर नाम के युवक उसके घर में घुस गए. उसका तौलिया हटाकर उसे पीटना शुरू कर देते हैं.
2 गिरफ्तार बाकी की तलाश जारी
वहीं, इस मामले में मेरठ के एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि थाना किठौर क्षेत्र में एक युवक की कुछ लोगों ने पिटाई करने का वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें गुरुवार को मुकदमा लिख लिया गया है. साथ ही पुलिस ने बताया कि 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. दो लोगों की गिरफ्तारी को लेकर तलाश की जा रही है.
शराब पीकर हुड़दंग करने का है आरोप
बताया जा रहा है कि पिटाई किए गए युवक की पत्नी का देहांत हो चुका है. इसके बाद वह शराब पीने लगा था. शराब पीकर मुहल्ले में हुड़दंग मचाता था. इसकी वजह से मुहल्ले के लोगों ने उसकी पिटाई की है. पुलिस का कहना है कि इस तरह किसी की पिटाई करना गलत है. सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.






0 टिप्पणियाँ