चरखी दादरी के ऊण निवासी एक व्यक्ति की शराब के नशे में एक व्यक्ति ने ऊंगली दातों से काटकर अलग कर दी। रोहतक पीजीआई में घायल को उपचार करवाना पड़ा। घायल का आरोप है कि आरोपी न उससे मारपीट भी की।बाढड़ा थाना पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान के अनुसार
पुलिस को दिए बयान में ऊण निवासी बलवान ने बताया कि वो किसान है। गत 25 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे वो अपने घर जा रहा था। रास्ते में गांव निवासी एक व्यक्ति उसे मिल गया जो शराब के नशे में धुत था। वो उससे गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर हाथापाई पर उतर आया। उसी दौरान उसने उसकी ऊंगली दांतों से काटकर हाथ से अलग कर दी। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उसे छुड़वाया।
घायल का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे धमकी देकर वहां से चला गया। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे और वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पीजीआई से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल सतेंद्र ने बताया कि आरोपी मनोज के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चिकन कॉर्नर संचालक को फोन पर दी धमकी, जातिसूचक शब्द भी कहे
चरखी दादरी के वाल्मीकि नगर निवासी एवं चिकन कॉर्नर संचालक को फोन पर धमकी देने और जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में मूलरूप से खेड़ी बूरा निवासी एवं फिलहाल दादरी के लोहारू रोड पर रहे एक युवक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-11 स्थित वाल्मीकि नगर निवासी दीपक ने बताया कि वो महेंद्रगढ़ चुंगी के समीप चिकन कॉर्नर चलाता है। गत 25 जुलाई की सुबह 11 बजे उसके पास लोहारू रोड निवासी एक युवक आया था। उक्त युवक ने उससे कहा कि उसके पास 15 मुर्गे हैं। अगर वो खरीदना चाहे तो उसके घर आकर ले जाने पड़ेंगे।
दीपक ने बताया कि इसके बाद दोपहर करीब एक बजे उसने उक्त युवक को फोन किया तो उसने मुर्गे न बेचने की बात कहकर आने से मना कर दिया और उसे जातिसूचक गालियां दीं। इसके बाद दीपक ने फोन काट दिया। दीपक के अनुसार फोन काटने के बाद उक्त युवक ने उसके पास बैठे उसके परिचित संदीप के पास फोन कर गालियां देनी शुरू कर दी। संदीप के फोन पर भी उक्त युवक ने जातिसूचक शब्द कहे। दीपक ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत के साथ इसकी रिकॉर्डिंग भी सौंपी है जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ