सीकर में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने हाल ही में कांग्रेस के ही विधायक राजेंद्र गुढ़ा की ओर से सामने लाए गए लाल डायरी पर भी गहलोत सरकार को घेरा।
पीएम मोदी ने कहा कि लाल डायरी के खुलने से अच्छे-अच्छे नेता निपट जाएंगे और इसकी वजह से बड़े से बड़े नेताओं की बोलती बंद है। पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव में लाल डायरी को बड़ा मुद्दा बनाने की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह कांग्रेस का डिब्बा गोल कर देगी। पीएम ने राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर भी गहलोत सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बहन बेटियों पर अत्याचार, नहीं सहेगा राजस्थान।
पीएम मोदी ने लाल डायरी का जिक्र करते हुए कहा, 'कांग्रेस ने लूट की दुकान चला रखी है। कांग्रेस का मतलब ही है लूट की दुकान, झूठ का बाजार। लूट की इस दुकान का ताजा प्रोडक्ट है राजस्थान की लाल डायरी। आपने लाल डायरी के बारे में सुना है ना। कहते हैं इस लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामे दर्ज हैं। लोग कह रहे हैं कि लाल डायरी के पन्ने खुले तो अच्छे अच्छे निपट जाएंगे। कांग्रेस के बड़े से बड़े नेताओं की लाल डायरी का नाम सुनते ही बोलती बंद हो रही है। ये लोग भले ही मुंह पर ताला लगा लें लेकिन यह लाल डायरी चुनाव में पूरी कांग्रेस का डिब्बा गोल करने जा रही है।'
राजस्थान को कांग्रेस से ज्यादा पैसा बीजेपी सरकार ने दिया
पीएम मोदी ने कहा आंकड़े पेश करते हुए कहा कि राजस्थान को कांग्रेस की केंद्र सरकार ने जितना पैसा दिया उससे कहीं अधिक 9 साल में उनकी सरकार ने दिया है। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस की सरकार थी तो राजस्थान को 10 साल में एक लाख करोड़ दिए। भाजपा सरकार ने 9 साल में 4 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं।
Read more news like this on






0 टिप्पणियाँ