किठौर। जड़ौदा के जंगल में एक हफ्ते पूर्व दिनदहाड़े हुई बाइक और मोबाइल लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूटा सामान बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।26 मई को असीलपुर-फतेहपुर नारायण संपर्क मार्ग पर जड़ौदा मोड़ के पास दो बाइकों पर सवार तीन सशस्त्र नकाबपोश फतेहपुर निवासी इलेक्ट्रीशियन रिजवान पुत्र अब्दुर्रहमान से मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस तभी से घटना के खुलासे का प्रयास कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महलवाला नहर पटरी से दो लोगों को दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम निशांत उर्फ सन्नी पुत्र अजयपाल निवासी मुक्तेश्वरा व लवनीश उर्फ लविश पुत्र श्यामसुंदर निवासी गोहरा थाना बाबूगढ़ हापुड़ बताए। पुलिस पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामदगी का दावा कर रही है। उधर, सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने लूट के तुरंत बाद मुक्तेश्वरा के युवक को हिरासत में लिया था जिससे पूछताछ में पता चला कि वह लविश और सन्नी सालौर और छुछाई गांवों में रिश्तेदारों से मिलकर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें रिजवान मिल गया जिससे तीनों ने बाइक लूट का प्रयास किया तो उसने हाथापाई कर दी। इस बीच लविश ने हाथ में पहना कड़ा रिजवान की नाक पर मार दिया इससे लहूलुहान हुआ रिजवान बाइक छोड़कर भागा तो उसका मोबाइल भी वहीं गिर गया। तीनों युवक बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गए। सूत्रों का यह भी कहना है कि मुक्तेश्वरा के युवक ने ही पुलिस को बाइक का पता दिया है। आरोप है कि इसी सहयोग पर पुलिस ने सेटिंग कर उसे छोड़ दिया।






0 टिप्पणियाँ