बेवफाई देखकर दो प्रेमिकाएं अपने प्रेमी युवकों के घर पहुंच गईं और जमकर हंगामा किया। परिजनों के समझाने के बाद भी टस से मस नहीं हुईं। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।पहला मामला नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले किसान की दो साल पहले मौत हो गई थी
लिहाज उसकी पत्नी की शादी देवर से करा दी गई। लेकिन देवर का प्रेम प्रसंग पास के गांव में रहने वाली युवती से चल रहा था। शादी के बाद प्रेमी ने प्रेमिका से बात करना बंद कर दिया। जिससे नाराज प्रेमिका शनिवार सुबह प्रेमी के घर पहुंच गई। यहां युवक के परिजनों ने उसे काफी समझाया। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। लिहाजा पत्नी खुद थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग थाने में पहुंच गए। जहां समझौता कराने की कवायद शुरू हो गई।
दूसरा मामला भी नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले किसान की बेटी का प्रेम-प्रसंग पड़ोस में रहने वाले युवक से चल रहा है। दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग के दौरान युवक ने युवती से शादी का वादा किया था, लेकिन अब मुकर गया। उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले आई। बाद में गांव के लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुट गए। इस मामले में युवती का निकाह प्रेमी युवक के साथ कराने की बात चल रही है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार तिवारी ने बताया दोनों मामलों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं। किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






0 टिप्पणियाँ