Instagram Widget

header ads

Ambedkar Nagar News : अंबेडकरनगर में दो का फंदे से लटका मिला शव , एक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत

 अंबेडकरनगर-अलग-अलग क्षेत्रों में दो युवकों का फंदे से लटकता शव बरामद हुआ। तो वहीं एक अन्य युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस सभी घटनाओं की तफ्तीश में जुटी है। आलापुर के सैदपुर रसीदपुर गांव में शनिवार को भोर ग्रामीणों ने गांव के बाहर बाग में पेड़ की डाल से एक युवक का शव लटकता हुआ देखा।

पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। युवक की पहचान गांव निवासी राकेश के पुत्र अर्पण के रूप में हुई। स्वजन के मुताबिक अर्पण शुक्रवार की शाम घर से खेत जाने की बात कह कर निकला था। वह रामनगर बाजार स्थित एक निजी महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। इससे पूर्व में भी उसने एक बार जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। मौत के कारण का पता नहीं चल सका है। प्रभारी निरीक्षक पंडित त्रिपाठी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दूसरी घटना हंसवर के बकडापुर गांव की है। गांव के खुशीराम व उसकी पत्नी में किसी बात पर विवाद हो गया था। पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। शुक्रवार की रात युवक ने फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी। स्वजन की चीख पुकार पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। घर पहुंची पत्नी ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई। पुलिस की पूछताछ में ग्रामीणों ने घरेलू कलह की बात बताई है। थानाध्यक्ष पीके सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।

तीसरा मामले में बसखारी थाने के आजमगढ़ मार्ग पर अमन ढाबा पर एक युवक ने जहर खा लिया। आनन फानन उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई है, जो ढाबा संचालक बिरजू प्रजापित का पुत्र है। जहरीला पदार्थ क्यों खाया अभी इसका पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया कि स्वजन से पूछताछ की जा रही है। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ